भोपाल। राजधानी भोपाल से नाबालिग के साथ दुष्कर्म का एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर उसका अपहरण किया और उसे बंधक बनाकर जबरन शादी कर ली। इसके बाद वह लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

मामला तब और गंभीर हो गया जब पीड़िता के गर्भवती होने पर आरोपी ने जबरन उसका गर्भपात करा दिया। पीड़िता की शिकायत के बाद हबीबगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में नाबालिग की पहचान अतुल मरावी नामक युवक से हुई थी। इसी दौरान आरोपी उसे बहला-फुसलाकर रायसेन जिले के एक गांव ले गया, जहां उसे बंधक बनाकर शादी कर ली। आरोपी ने उसे पत्नी बताकर अपने पास रखा और लगातार शोषण करता रहा।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।