बरेली। भारतीय जनता पार्टी के फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल थे। बैठक के दौरान उन्हें अचानक अस्वस्थता महसूस हुई। आनन-फानन में उन्हें पीलीभीत रोड स्थित मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सहयोगियों के अनुसार, मंत्री धर्मपाल सिंह ने वर्ष 2026 के विकास कार्यों की रूपरेखा के लिए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। बैठक में शामिल होने के बाद खाना खाते समय विधायक को असहजता हुई और वे बाहर निकल आए। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी।
विधायक के निधन पर समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. श्याम बिहारी लाल का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्मा को श्री चरणों में स्थान एवं परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
वन मंत्री अरुण सक्सेना ने कहा कि बैठक के दौरान विधायक की तबीयत बिगड़ी। अस्पताल ले जाने पर उनकी मृत्यु हो गई। उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। वे विद्वान व्यक्ति थे और रूहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रह चुके थे। फरीदपुर सीट से वे लगातार दूसरी बार विधायक थे।