रायपुर। छत्तीसगढ़ में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में उत्तर एवं मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। विशेष रूप से अंबिकापुर, कोरिया, सरगुजा एवं बलरामपुर जैसे क्षेत्रों में सुबह-शाम ठंड बढ़ने की आशंका है। हालांकि अगले 5 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने से ठंड कुछ कम हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रहा। इस दौरान प्रदेश में कहीं भी वर्षा नहीं हुई तथा कोई बड़ा मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है। विभाग ने 30 दिसंबर को भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
रायपुर में सुबह के समय कुहासा छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।