रायपुर। वर्ष के आखिरी दिन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सनातन चेतना और राष्ट्रीय विचारधारा के भव्य संगम की साक्षी बनेगी। 31 दिसंबर को अभनपुर ब्लॉक के सोनपैरी गांव में आयोजित होने जा रहे विशाल हिंदू सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वहीं, राष्ट्रीय संत असंग देव इस ऐतिहासिक आयोजन के मुख्य अतिथि रहेंगे।

सम्मेलन का आयोजन सोनपैरी स्थित असंग देव कबीर आश्रम में दोपहर 2 बजे से किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार, सम्मेलन में सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय चेतना जैसे विषयों पर गहन मंथन होगा। प्रदेशभर से संत-महात्मा, समाजसेवी, बुद्धिजीवी और हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
तैयारियां अंतिम चरण में
आयोजन समिति के संरक्षक देवकर साहेब और सचिव प्रदीप गजेंद्र ने बताया कि सुरक्षा, यातायात और बैठने की व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अलग-अलग टीमें तैनात रहेंगी।
प्रदेश में लगातार हो रहे हिंदू सम्मेलनों की कड़ी में सोनपैरी का यह आयोजन सबसे बड़ा और निर्णायक माना जा रहा है, जिस पर पूरे छत्तीसगढ़ की नजरें टिकी हैं।