रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के बढ़ते कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे स्टेशन के बाहर एक युवक के पास से पुलिस ने 16.56 ग्राम कोकीन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टेशन परिसर के बाहर एक युवक नशीले पदार्थों की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने संदेही युवक को घेराबंदी कर पकड़ा और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से कोकीन बरामद की गई।
पूछताछ जारी
मामले में गंज थाना पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी नए साल के जश्न को ध्यान में रखते हुए कोकीन की सप्लाई के इरादे से रायपुर पहुंचा था।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को यह नशीला पदार्थ कहां से मिला और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।