खैरागढ़ जिले के छुईखदान विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला खैरबाना इन दिनों रहस्यमयी घटनाओं के चलते चर्चा में है। बीते करीब 15 दिनों से स्कूल पहुंचते ही छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ रही है। हैरानी की बात यह है कि बच्चियां घर से पूरी तरह स्वस्थ निकलती हैं, लेकिन स्कूल परिसर में पहुंचते ही उन्हें चक्कर आने लगते हैं और कई छात्राएं बेहोश होकर गिर पड़ती हैं। अब तक 20 से 25 छात्राएं इस स्थिति का शिकार हो चुकी हैं, जिससे गांव और स्कूल में दहशत का माहौल है।

स्थिति गंभीर होने पर स्वास्थ्य विभाग ने स्कूल में मेडिकल कैंप लगाया। ब्लड टेस्ट समेत सभी जांचें कराई गईं, लेकिन कोई बीमारी, संक्रमण या जहरीले तत्व नहीं मिले। सभी रिपोर्ट सामान्य आने के बाद कलेक्टर ने स्कूल का निरीक्षण किया और छात्राओं की मनोवैज्ञानिक जांच कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग के शुरुआती आकलन में इसे “मास हिस्टीरिया” का मामला माना जा रहा है। प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को सतर्कता बरतने और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल सभी की नजर मनोवैज्ञानिक जांच रिपोर्ट पर टिकी है।