सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर रविवार को हनुक्का उत्सव मना रहे लोगों पर हुए आतंकी हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। मृतकों में एक 10 वर्षीय बच्ची और एक इजराइली नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा करीब 45 लोग घायल हैं।
पुलिस के अनुसार, हमलावर 50 वर्षीय साजिद अकरम और उनका 24 वर्षीय बेटा नवीद अकरम थे। दोनों पर पाकिस्तानी मूल का होने का संदेह है। साजिद अकरम को पुलिस ने मौके पर ही गोली मारकर ढेर कर दिया, जबकि नवीद अकरम गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उसकी हालत स्थिर लेकिन गंभीर है।
न्यू साउथ वेल्स पुलिस कमिश्नर मल लैनयन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोलीबारी को आतंकवादी हमला घोषित किया। हमले में साजिद अकरम के पास लाइसेंसी बंदूक का इस्तेमाल हुआ, जो शिकार के लिए उपयोग की जाती थी। वह एक गन क्लब का सदस्य था और उसके पास कानूनी रूप से छह बंदूकें थीं।
हमले से पहले बाप-बेटे ने परिवार को कहा था कि वे मछली पकड़ने जा रहे हैं। वे एक किराए के मकान में रहते थे। हमले के बाद पुलिस ने उनके मकान पर छापेमारी की। रिपोर्ट्स के अनुसार, साजिद अकरम फलों की दुकान चलाता था।
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमले के लिए ऑस्ट्रेलियाई सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि इन नीतियों ने आग में घी डालने का काम किया। पुलिस जांच जारी है।