धान खरीदी केंद्र में अनियमितताओं को लेकर किसानों का हंगामा, जिला पंचायत सदस्य पहुंचे

राजिम। लोहरसी धान खरीदी केंद्र में शुक्रवार को किसानों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों का दावा है कि धान में नमी दिखाकर प्रति बोरी 1 किलो तक की मनमानी कटौती की जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसानों के अनुसार कर्मचारी बिना मानक प्रक्रिया का पालन किए कटौती कर रहे हैं, जो खरीदी नियमों के विरुद्ध है। किसानों ने बताया कि वे कई दिनों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन किसी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया।

सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान खरीदी केंद्र के बाहर जुटे और धांधली व अनुचित कटौती के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण होती चली गई।

विवाद बढ़ने पर जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाडिक मौके पर पहुंचे और किसानों की समस्याएं सुनीं। किसानों ने कहा कि खरीदी प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं हो रहा और शिकायतों के बावजूद अधिकारी मौन हैं। महाडिक ने नाराज़ किसानों को शांत करने का प्रयास किया और संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रशासन की चुप्पी पर भी किसानों ने सवाल खड़े किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *