गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: मालिक लूथरा बंधुओं पर इंटरपोल का ब्लू कॉर्नर नोटिस, एक आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

पणजी। गोवा के अरपोरा स्थित नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में लगी आग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्लब के मालिक लूथरा बंधुओं के खिलाफ इंटरपोल ने ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है। अग्निकांड के बाद मालिक गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा देश छोड़कर फरार हो गए थे।

गोवा पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, इंटरपोल का यह नोटिस घटना के मात्र दो दिनों के भीतर जारी हुआ, जो सामान्य प्रक्रिया से कहीं तेज है। गोवा पुलिस की सक्रियता और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से यह संभव हुआ। ब्लू कॉर्नर नोटिस आरोपियों को ट्रेस करने में सहायक होगा तथा उन्हें वर्तमान स्थान से दूसरे देश भागने से रोकेगा।

पुलिस इनपुट के मुताबिक, सौरभ और गौरव लूथरा थाईलैंड के फुकेट भागे हैं। दोनों रविवार सुबह करीब 5:30 बजे इंडिगो की फ्लाइट से फुकेट रवाना हुए, ताकि आधी रात को लगी आग के बाद गिरफ्तारी या पूछताछ से बच सकें।

इस मामले से जुड़े एक अन्य आरोपी अजय गुप्ता को दिल्ली से हिरासत में ले लिया गया है। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी था। पुलिस टीम जब उसके घर पहुंची तो वह फरार था, लेकिन बाद में दिल्ली में उसे पकड़ लिया गया। सूत्रों के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अजय गुप्ता को गोवा लाकर औपचारिक गिरफ्तारी दी जाएगी।

अजय गुप्ता समेत अब तक छह लोग हिरासत में हैं। इनमें नाइट क्लब के चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोदक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया, गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर तथा कर्मचारी भरत कोहली शामिल हैं। पुलिस ने इस हादसे के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *