शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय की भूमि को सुरक्षित रखा जाएगा, राज्यपाल रमेन डेका ने मुख्य सचिव को दिए सख्त निर्देश

रायपुर। बस्तर स्थित शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय की भूमि पर कथित अवैध कब्जे और अनाधिकृत निर्माण की शिकायतों को राज्यपाल रमेन डेका ने गंभीरता से लिया है। सोमवार को लोकभवन में मुख्य सचिव विकास शील से चर्चा करते हुए राज्यपाल ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विश्वविद्यालय की भूमि को किसी भी परिस्थिति में प्रभावित न होने दिया जाए और कब्जा व अनधिकृत निर्माण को तत्काल हटाया जाए।

राज्यपाल डेका ने कहा कि यह विश्वविद्यालय जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के अध्ययन, अनुसंधान और समग्र विकास के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, बाहरी निर्माण या गैरकानूनी गतिविधि न केवल संस्थान के भविष्य बल्कि आने वाली पीढ़ियों के हितों के विपरीत है। उन्होंने चेतावनी दी कि विश्वविद्यालय की जमीन पर राजनीतिक, प्रशासनिक या व्यक्तिगत हस्तक्षेप किसी भी स्तर पर सहन नहीं किया जाएगा।

राज्यपाल ने मुख्य सचिव को निर्देशित किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पूरी भूमि को सुरक्षित रखा जाए और इसकी सीमाओं का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ करने के आदेश दिए गए हैं।

राज्यपाल के हस्तक्षेप के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि विश्वविद्यालय परिसर में हो रहे अनधिकृत निर्माण और कब्जे की समस्या का जल्द समाधान होगा और संस्थान की मूल संरचना और अधिकार क्षेत्र को सुरक्षित रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *