लोगक्याकहेंगे …

पारुल हर्ष बंसल

आज आधी से अधिक आबादी भयावह मकड़जाल में उलझी हुई प्रतीत होती है और वह है “लोग क्या कहेंगे”? यह विचार कुरुक्षेत्र में खड़े अर्जुन के दिमाग में भी आया कि यदि मैंने अपने परिजनों को ही युद्ध में मारा, तो लोग क्या कहेंगे? यह किसी ( लोग क्या कहेंगे ) बीमारी से कम नहीं। इसी कारण कितने ही लोग अपने विचारों का प्रयोग किसी सृजनात्मक कार्य में नहीं करते। यह फालतू का विचार न जाने कितने सपनों को तोड़ देता है। गौतम बुद्ध ने घर छोड़ने से पहले एक बार नहीं सोचा, कि लोग क्या कहेंगे. इसलिए सदा अपने मन की करना और किसी की नहीं सुनना।

इन तीन शब्दों का सभी के मस्तिष्क पर इतना गहरा प्रभाव पड़ता है कि कोई दूसरी बात इसके असर को समाप्त करने में कारगर सिद्ध नहीं होती। सोते-जागते, उठते-बैठते हर समय इंसान का दिमाग चकरघिन्नी सा घूमता है, यदि मैंने फलां काम ऐसे किया, तो लोग क्या कहेंगे? स्वयं को विपरीत दिशा में धकेलने से इंसान बाज नहीं आता। दूसरों की खुशी के लिए अपनी बुद्धि, विवेक सब दांव पर लगा देता है। चादर से अधिक पांव पसारने का प्रयास करता रहता है। जो उसे उसकी जड़ों से बहुत दूर करके विनाश का कारण बनता है। अपनी जड़ों को मजबूती से थामे रखना है तो उचित मात्रा में खाद, पानी और धूप आवश्यक है, यदि कोताही बरती गई तो यह जीवन रूपी वृक्ष अपना अस्तित्व खो देगा। अब जब आपका अस्तित्व ही खतरे की चौखट पर आ खड़ा हो जाए, तब आपका सारा दर्शन डोल जाएगा और स्वयं को हीनभावना से ग्रस्त पाएंगे।

यह लोगों की सोच तो चलती ही रहेगी, तो क्या इसके चक्कर में पड़कर आप सिर्फ उन्हीं बातों का विश्लेषण करते रहेंगे। आप अपने पथ से पृथक हो जाओगे और वे कुएं के मेंढक आपका पैर खींचकर वापस वहीं खींच लेंगे। वह कभी नहीं चाहेंगे कि आप उन्नति के पथ पर अग्रसर हों। अंतरात्मा की आवाज को ध्यान लगाकर सुनें और अपने निजत्व का संरक्षण करें। बाहरी तत्व सदा ही आक्रामक बनकर वातावरण को प्रतिकूल बनाते हैं और ना चाहते हुए भी आप उनकी सुनकर अपनी हानि कर बैठते हैं, इसलिए कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना। इस बात को सिरे से नकार दें, तो बेहतर होगा।

कासगंज उत्तर प्रदेश

लेखिका स्त्रीलेखा पत्रिका की संपादकीय टीम की सदस्या, स्त्री वाणी समाचार वाचिका, एवं मोटिवेशनल स्पीकर हैं, इनके लेख प्रतिष्ठित प्रिंट डिजिटल मीडिया मे प्रकाशित होते रहे हैं .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *