अंबिकापुर। जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई। मैनपाट विकासखंड के सपनादर गांव में गुलाब यादव के घर से 70 बोरी (28 क्विंटल) तथा कमलेश्वरपुर में श्याम यादव के घर से 60 बोरी (24 क्विंटल) धान जब्त किया गया। दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।
कलेक्टर विलास भोसकर के निर्देश पर जिले में अवैध धान खरीद, बिक्री और परिवहन पर नियमित निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन की अब तक की कार्रवाई में कुल 10 प्रकरणों में 1335 क्विंटल से अधिक धान जब्त किया जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार इन कार्रवाइयों से शासन को लगभग 31,98,045 रुपये की आर्थिक हानि होने से बचाया गया है।
जिले में अवैध धान परिवहन को रोकने के लिए चेकपोस्ट सहित कई स्थानों पर विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है। संदिग्ध वाहनों की जांच लगातार जारी है। जंगल और वैकल्पिक मार्गों को भी सील कर दिया गया है, ताकि तस्करी के प्रयासों को रोका जा सके। कलेक्टर भोसकर ने अधिकारियों को अवैध धान भंडारण और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
विभिन्न गोदामों और व्यापारियों की जांच में भी विभागीय टीमों को बड़ी मात्रा में अवैध धान मिला है। सभी प्रकरणों में मंडी अधिनियम के तहत कार्यवाही जारी है।