रायपुर। राजधानी रायपुर में स्काईवॉक निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। कार्य को बिना बाधा जारी रखने और ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने अस्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। इसके तहत शास्त्री चौक से जुड़ने वाले प्रमुख मार्गों को आज से वन-वे किया जाएगा।
यह व्यवस्था रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगी, ताकि निर्माण कार्य के साथ-साथ रात के समय यातायात भी सुचारू बना रहे। प्रशासन के अनुसार यह अस्थायी बदलाव करीब एक महीने तक लागू रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि वन-वे व्यवस्था से भारी वाहनों और नियमित यातायात के दबाव में कमी आएगी, जिससे निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ सकेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि निर्धारित मार्गों का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित रास्तों पर न जाएं।
प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि निर्माण के दौरान शहरवासियों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए समय-समय पर वैकल्पिक रूट और ट्रैफिक अपडेट जारी किए जाएंगे।