:विनोद कुशवाहा:
बिलासपुर: गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय एक बार फिर विवादों के घेरे में है। विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। छात्रों ने हनुमान चालीसा का पाठ कर प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन मनमानी कर रहा है और छात्र हितों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
दरअसल, बीते दिनों छात्र सुदीप शास्त्री को विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया गया था, जिसके बाद कई अन्य छात्रों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। छात्रों का कहना है कि वे केवल छात्रहित में आंदोलन कर रहे थे, लेकिन इसके बदले प्रशासन ने दमनात्मक कदम उठाए।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने सुदीप शास्त्री पर की गई निष्कासन कार्रवाई को तुरंत निरस्त करने और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हड़ताल के चलते विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।