रायपुर। नवमी से शुरू हुआ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन विजयादशमी पर भी श्रद्धा और भक्ति के साथ जारी रहा। महादेव घाट स्थित निगम के विसर्जन कुंड में गुरुवार को सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं ने माता दुर्गा की 176 बड़ी प्रतिमाओं का पारंपरिक विधि-विधान से विसर्जन किया। भक्त परिवारों के साथ देवी मां को विदाई देने पहुंचे और पूरा वातावरण जयकारों से गूंज उठा।
देर रात तक चलता रहा सिलसिला
शहर के 500 से अधिक पंडालों से प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए लाया गया। झांकियों, गीत-संगीत और जयकारों के बीच भक्त मां दुर्गा की प्रतिमाओं को लेकर पहुंचे। रात देर तक विसर्जन का क्रम चलता रहा और शुक्रवार को भी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
निगम प्रशासन की कड़ी व्यवस्था
विसर्जन कुंड पर सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने क्रेन, गोताखोर, रोशनी, पेयजल और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमों को लगातार ड्यूटी पर तैनात किया गया। अपर आयुक्त विनोद पांडेय ने महादेव घाट स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान जोन-4 के कमिश्नर अरुण ध्रुव समेत अन्य जोन अधिकारियों की उपस्थिति रही।