रायपुर। रायपुर नगर निगम ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को उनके पुराने सरकारी आवास के लिए 7,258 रुपए का संपत्ति कर नोटिस भेजा है। यह वही बंगला है जो उनके कार्यकाल में ‘पाटन सदन’ के नाम से जाना जाता था और वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का ‘कुनकुरी सदन’ बन चुका है।
नोटिस मिलने के बाद भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर तंज भरा पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को 7,258 रुपए अदा करने का वचन देते हैं। बघेल ने कहा कि शासकीय आवास पर संपत्ति कर नहीं लगता और यह बंगला उन्होंने पौने दो साल पहले खाली कर दिया था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने व्यंग्य करते हुए आगे लिखा कि “भले ही यह नोटिस अवैध है, लेकिन फिर भी मैं मुख्यमंत्री जी की इच्छा पूरी करूँगा। अच्छा है कि वे भी तैयार रहें क्योंकि उनकी सरकार ‘कुनकुरी सदन’ का टैक्स भी मांगेगी।”
यह मामला अब राजनीतिक रंग भी पकड़ता दिख रहा है, क्योंकि बघेल ने इसे सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठाने का जरिया बना दिया है।