कोंडागांव में कच्चे मकान की दीवार ढहने से महिला की मौत
रायपुर
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। बिलासपुर में बिजली की चपेट में आने से 2 महिलाओं की मौत गई। जबकि चार महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुंआपाली की महिलाएं खेत से काम कर लौट रही थी, तभी ये हादसा हुआ। वहीं कोंडागांव में लगातार बारिश से कच्चे मकान की दीवार ढह गई। हादसे में मकान में सो रही महिला जनादाई (29) की मौके पर ही मौत हो गई।
बता दें कि आज मौसम विभाग ने आज बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा समेत सभी जिलों में बिजली गिरने, बादल गरजने और आंधी चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।
बस्तर में भारी बारिश का अलर्ट
पिछले 24 घंटे में सरगुजा, बिलासपुर, और रायपुर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। रायपुर शहर में देर शाम के बाद अचानक मौसम बदला, इस बीच अच्छी बारिश हुई। ओडिशा में बने लो प्रेशर एरिया के कारण दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना है।
वहीं तापमान की बात करें तो मंगलवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31.6° बिलासपुर में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.2°C दुर्ग में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में अगले तीन दिनों तक कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।
सुकमा जिला मुख्यालय का ओडिशा से संपर्क टूटा

वहीं सुकमा जिला मुख्यालय का ओडिशा से संपर्क टूट गया है। लगातार बारिश से शबरी नदी उफान पर है। झापरा पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। मार्ग बाधित होने से वाहनों के पहिए थम गए हैं।