Bhatapara news- यहां प्रसाधन की सुविधा मांग रहा शहर…

  रेस्ट हाउस से फिल्टर प्लांट तक नहीं है सार्वजनिक प्रसाधन

राजकुमार मल

भाटापारा- रेस्ट हाउस से लेकर फिल्टर प्लांट। खूब हैं व्यावसायिक प्रतिष्ठान। स्कूल और चिकित्सालय भी इसी मार्ग पर हैं। हल्के-फुल्के नाश्ते के काउंटर भी मिलते हैं। और हां, सुभाष बाजार और नगर पालिका सार्वजनिक उद्यान इसी मार्ग पर है। नहीं है, तो सिर्फ प्रसाधन की सुविधा। जिसकी जरूरत अब गंभीरता के साथ महसूस की जा रही है।

नगर पालिका सार्वजनिक उद्यान में जो जरूरी मूलभूत सुविधाएं जुटाई गई हैं, इसे लेकर प्रशंसा तो शहर कर रहा है लेकिन यह भी कह रहा है कि प्रसाधन की व्यवस्था कम से कम सुभाष बाजार में होनी ही चाहिए क्योंकि इस मार्ग का सबसे व्यस्ततम क्षेत्र है। वैसे भी विश्राम गृह से लेकर फिल्टर प्लांट तिराहे के बीच कहीं भी यह सुविधा नहीं है। इसलिए इस पर तत्काल ध्यान दिए जाने की जरूरत है।

है शहर का हृदय स्थल

शैक्षणिक संस्थान, व्यावसायिक परिसर, निजी और शासकीय चिकित्सालय तो हैं ही इस मार्ग पर, साथ ही फास्ट फूड काउंटर और खान-पान की छोटी-बड़ी होटलें भी हैं। बैंकिंग गतिविधियां इसी मार्ग पर खूब होती हैं क्योंकि लगभग सभी बैंकों की शाखाएं इस मार्ग पर ही है। और हां, शहर सरकार का दफ्तर भी तो है। नहीं है तो बस प्रसाधन की सुविधा।

जरूरी इसलिए

रामलीला मैदान। राजनीतिक और सामाजिक आयोजनों के लिए प्रमुख जगह। जय स्तंभ करीब ही है इसलिए प्रमुख राष्ट्रीय पर्व यहीं पर आयोजित होते हैं। सुभाष बाजार भी स्थित है यहीं पर। नगर पालिका सार्वजनिक उद्यान का होना निरंतर आवाजाही को बनाए रखे हुए है। इसलिए भी प्रसाधन की जरूरत अहम है।

विवशता में…

दीवार की ओट या कम आवाजाही वाली जगह की तलाश करते हुए देखे जा रहे हैं लोग। ऐसे में सर्व सुविधायुक्त प्रसाधन की मांग उठ रही है शहर सरकार से, जो विकास पर कार्यों की शुरुआत को लेकर चर्चा में है। देखना है कि कब इस अहम जरूरत पर ध्यान दिया जाएगा।