Cg news- पत्थलगांव नगरपालिका उन्नयन कार्यक्रम का समापन

नशामुक्त भारत अभियान अंतर्गत देश को नशामुक्त करने ली गई शपथ
नगर पालिका के नए भवन निर्माण हेतु जल्द मिलेगी स्वीकृति

दीपेश रोहिला
पत्थलगांव। क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पत्थलगांव को नगर पालिका परिषद गठन करने के पश्चात नगर पालिका में उन्नयन कार्यक्रम कल शनिवार को आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम पर मुख्यअतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक व सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) गोमती साय मौजूद रही, जहां उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ फीता काटते हुए नगर पालिका परिषद में प्रवेश किया। वहीं कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल,पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल मित्तल,भाजपा ग्रामीण मंडल प्रभारी हरजीत सिंह भाटिया,मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल,नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता सिंह,उपाध्यक्ष अजय बंसल,रोशन प्रताप साय,सुनील गर्ग,भुनेश्वरी बेहरा, रेणु विश्वास,एसडीएम सुश्री आकांक्षा त्रिपाठी,सीएमओ जावेद खान,पार्षद संजय तिवारी,पार्षद हीरालाल टोप्पो,पार्षद मनीष अग्रवाल,पार्षद ममता यादव,पार्षद कविता नारंगे समेत अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नगर पालिका के नए भवन निर्माण के लिए मुख्यमंत्री  साय से स्वीकृति की मांग की जाएगी- विधायक गोमती साय

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित करके की गई। जिसके पश्चात विधायक गोमती साय ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की विष्णु देव साय सरकार लोगों के लिए बुनियादी सुविधाएं जैसे सड़क, बिजली,शुद्ध पेयजल,सुरक्षित वातावरण, स्वच्छता और गांव के विकास हेतु प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने कहा नगर पालिका के नए भवन निर्माण के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से स्वीकृति की मांग की जाएगी।

केंद्र और राज्य के बाद अब पत्थलगांव नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन चुकी है। अब ट्रिपल इंजन की सरकार होने से लंबे समय से रुके हुए कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से जल्द ही पूरे कराए जाएंगे, जिससे विकास की गति को बल मिलेगा। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत देश को नशा मुक्त करने की शपथ ली। श्रीमती साय ने इस मौके पर पत्थलगांव को नगर पंचायत से नगर पालिका बनाए जाने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार प्रकट किया।

कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि नगर पंचायत से नगर पालिका बनने के बाद अब क्षेत्र का विकास बहुत ही तेज गति से होगा। कुछ माह पूर्व ही क्षेत्रवासियों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा  किलकिलेश्वर धाम में करोड़ों की सौगात दी जा चुकी है। इसी प्रकार पत्थलगांव नगर पंचायत से नगर पालिका बनने पर आने वाले समय में विकास की एक नई गाथा लिखी जाएगी।

जशपुर जिले में सड़क,बिजली,पानी,स्वास्थ्य के क्षेत्र समेत अनेकों बुनियादी सुविधाओं से गांव गांव को जोड़ा जा रहा है, उन्होंने कहा प्रदेश की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सपने को साकार करने हेतु प्रतिबद्ध है।