भिलाई में नाबालिगों की ड्राइविंग पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 600 गाड़ियां जब्त, 37 परिजनों ने भरा बॉन्ड… पढ़ें पूरी खबर

रमेश गुप्ता

भिलाई। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पिछले दो दिनों में 600 से अधिक दोपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान 67 नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों को बुलाकर समझाइश दी गई, जबकि सोमवार को 37 अभिभावकों की बैठक आयोजित कर उनसे वचन-पत्र भरवाया गया।

अभिभावकों को बताए गए कानूनी प्रावधान

27 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक में यातायात पुलिस ने अभिभावकों को बताया कि नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाना मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन है। इससे न केवल बच्चे की जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी खतरे में आ जाती है। बैठक में नाबालिग वाहन संचालन से जुड़े कानूनी प्रावधानों, दंडात्मक कार्रवाई और सड़क दुर्घटनाओं के संभावित परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई।

भविष्य में वाहन नहीं देने का लिया संकल्प

बैठक के दौरान सभी 37 अभिभावकों से वचन-पत्र भरवाया गया, जिसमें उन्होंने यह आश्वासन दिया कि भविष्य में अपने नाबालिग बच्चों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के किसी भी प्रकार का वाहन चलाने की अनुमति नहीं देंगे। साथ ही बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प भी लिया।

दो दिनों में 600 से अधिक वाहनों की जांच

यातायात पुलिस की विशेष जांच के दौरान 600 से अधिक वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 67 नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों को बुलाकर समझाइश दी गई और स्पष्ट चेतावनी दी गई कि दोबारा ऐसी स्थिति मिलने पर मोटरयान अधिनियम के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जागरूकता अभियान पर भी विशेष जोर

यातायात पुलिस केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूकता अभियान भी लगातार चला रही है। जिले के विभिन्न स्कूलों में जाकर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और पालकों को सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। विद्यार्थियों को समझाया जा रहा है कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही वाहन चलाना चाहिए। साथ ही हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और अन्य यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

ई-चालान संबंधी समस्याओं का किया समाधान

बैठक के दौरान अभिभावकों की ई-चालान से जुड़ी समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया गया, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

एडिशनल एसपी की अपील

यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल ने आमजन एवं अभिभावकों से अपील की कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने की अनुमति न दें। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की एक छोटी-सी सावधानी किसी परिवार को सड़क दुर्घटना की बड़ी त्रासदी से बचा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *