सारंगढ़-बिलाईगढ़, 27 जुलाई 2026: कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और एसपी सुनील शर्मा ने सोमवार सुबह सारंगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 8 किलोमीटर दूर माधोपाली स्थित लातनाला का मुआयना किया। बीते रविवार की शाम नजदीकी गांव बड़े घोठला निवासी देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी लातनाला पुलिया के ऊपर से बह रहे भारी बारिश के पानी में कार समेत बह गए थे। जिला एवं पुलिस प्रशासन की प्रमुख अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम और स्थानीय ग्रामीणों से चलाए जा रहे तलाशी अभियान की स्थिति की जानकारी ली।
जांच में सामने आया है कि रविवार को जब यह हादसा हुआ, उस समय नाले पर बने पुल के ऊपर से पानी का तेज बहाव हो रहा था। चालक द्वारा गाड़ी आगे ले जाने में असावधानी बरती गई। वहीं, घटना के समय मौके पर मौजूद करीब 6-7 लोग मदद करने के बजाय अपने मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। यदि उस समय प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा तुरंत मदद का प्रयास किया गया होता, तो दंपत्ति की जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल SDRF की टीम दंपत्ति की तलाश में जुटी हुई है।