रायपुर। शासकीय हाईस्कूल कोड़ापार में स्तुषि फाउण्डेशन द्वारा समग्र स्वास्थ्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आध्यात्मिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान संस्था की प्रबोधक व शिक्षिका सावित्री साहू और उनके परिवार ने विद्यार्थियों के साथ समग्र स्वास्थ्य विषय पर सीधा संवाद किया।
सावित्री साहू और यादराम साहू ने विद्यालय को चिकित्सा किट भेंट की। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और नियमित व्यायाम जरूरी है, जबकि संतुलित आचरण से मन स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि मन की प्रसन्नता के लिए सुविधाओं के साथ-साथ सम्मान, विश्वास, ममता और प्रेम जैसे मानवीय मूल्यों को पहचानकर आत्मसात करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में प्राचार्य गौरीकांता साहू के मार्गदर्शन एवं समस्त स्टाफ के सहयोग से आम, अमरूद, जामुन और सीताफल के पौधे रोपे गए। इस दौरान अहर्निश सौम्य ने “जीवन हो जिसमें सभी का सुखी…” गीत के माध्यम से विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र बताए।
कार्यशाला में व्याख्याता मनीषा शर्मा, सुधा बैस, शिक्षक यादराम साहू, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष लोकेश साहू और सदस्य कुंदन साहू की उपस्थिति में छात्र संघ को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता डॉ. आशा पाण्डेय ने किया।