बलौदा बाजार। अल्ट्राटेक रावन सीएसआर (CSR) द्वारा मानव संसाधन प्रमुख करन मिस्त्री एवं प्रशासनिक प्रमुख संजीव मिश्रा के मार्गदर्शन में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुमा में एक नई कंप्यूटर लैब का भव्य उद्घाटन किया गया।

नवस्थापित कंप्यूटर लैब में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 8 आधुनिक कंप्यूटर सेट, टेबल, चेयर, आलमारी, डस्टबिन, फुटमैट, रायटिंग बोर्ड, नोटिस बोर्ड एवं एयर ब्लोवर जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर कंप्यूटर लैब का विधिवत शुभारंभ किया।
डिजिटल युग में विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच, शाला विकास समिति अध्यक्ष एवं प्राचार्य ने कहा कि आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी के लिए अत्यंत आवश्यक है। यह नई लैब विद्यार्थियों को कंप्यूटर संचालन, डिजिटल साक्षरता, ऑनलाइन शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी कौशल विकसित करने में अहम भूमिका निभाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षा का सीधा लाभ मिलेगा।

विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए अल्ट्राटेक रावन सीएसआर का आभार जताया और कहा कि इससे बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में सुधार होगा।
गरिमामयी उपस्थिति और आयोजन टीम
इस अवसर पर सरपंच चन्द्रकांता होमेश साहू, उपसरपंच तुकेश यादव, पंच सरिता साहू, टाकेश्वर ध्रुव, डागेश्वर ध्रुव, शाला विकास समिति अध्यक्ष रोमनाथ वर्मा, सदस्य राजेन्द्र वैष्णव, रेणुका साहू, प्राचार्य एस.के. खटकर एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं में डीपी साहू, आरके साहू, डीके बंदे, एमएल भारद्वाज, अर्चना मिंज, मंजू चौहान और आरके मांडरे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सीएसआर अधिकारी ज्योत्सना पति एवं रंजय पाण्डेय के साथ सुरेन्द्र यादव, जानकी यादव, हेमलता ध्रुव, ताराचंद वर्मा, सुनिता निषाद, साहिल बांधे एवं गुमान साहू का विशेष योगदान रहा।