दुर्ग में नए ट्रैफिक ASP की एंट्री: पदभार संभालते ही एक्शन में कौशलेंद्र देव पटेल, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

दुर्ग यातायात व्यवस्था को नई दिशा देंगे एएसपी कौशलेंद्र देव पटेल, पदभार संभालते ही अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रमेश गुप्ता

भिलाई । दुर्ग जिले के नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) कौशलेंद्र देव पटेल ने गुरुवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं अनुशासित बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिए। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने यातायात कार्यालय में सभी जोन प्रभारियों, टैंगो टीम और अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक लेकर जिले की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की तथा जाम की समस्या रोकने और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

पीक ऑवर में विशेष निगरानी के निर्देश

बैठक में एएसपी पटेल ने सभी जोन प्रभारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें और प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों तथा व्यस्त मार्गों पर लगातार निगरानी रखें। विशेष रूप से सुबह और शाम के पीक ऑवर के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए यातायात को सुचारू बनाए रखें, ताकि किसी भी स्थान पर अनावश्यक जाम की स्थिति निर्मित न हो।

बाजार क्षेत्रों में बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन पर जोर

उन्होंने कहा कि शाम के समय बाजारों में वाहनों और लोगों की संख्या बढ़ जाती है। इसे देखते हुए प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही सभी जोन प्रभारी अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर टीमवर्क की भावना से कार्य करें।

अनुशासन और समयपालन पर विशेष बल

बैठक के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर उपस्थित होने, पूर्ण अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस की कार्यशैली आम नागरिकों में विश्वास पैदा करने वाली होनी चाहिए।

सड़क सुरक्षा अभियान होंगे और प्रभावी

एएसपी पटेल ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा जनजागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी उतना ही आवश्यक है।

एएसपी कौशलेंद्र देव पटेल का वर्जन

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) कौशलेंद्र देव पटेल ने कहा कि दुर्ग जिले में सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस सड़क सुरक्षा, आम नागरिकों की सुविधा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग, प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन और जनसहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *