छत्तीसगढ़ विकास संवाद : कोरिया में गूंजीं पंडवानी की तान, पद्मश्री उषा बारले की प्रस्तुति ने बांधा समां

बैकुंठपुर (कोरिया)। आज की जनधारा की ओर से संभागवार आयोजित किए जा रहे ‘छत्तीसगढ़ विकास संवाद’ कार्यक्रम की श्रृंखला में बुधवार को कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित होटल राम सेतु के सभागार में भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जिले के विकास, पर्यटन, उद्योग, पंचायती राज, महिला सशक्तिकरण, मीडिया, साहित्य और सामाजिक सरोकारों पर व्यापक विमर्श हुआ। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध कोरिया जिले में पर्यटन और उद्योग के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, जिनका योजनाबद्ध विकास जिले की तस्वीर बदल सकता है।

लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर जोर

कार्यक्रम का शुभारंभ पद्मश्री पंडवानी गायिका स्वर्गीय तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि पद्मश्री पंडवानी गायिका उषा बारले ने कहा कि आधुनिक विकास की दौड़ में लोक संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण उतना ही आवश्यक है, जितना आर्थिक विकास। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि पद्मश्री सम्मान मिलने के बाद लोगों का स्नेह और सम्मान बढ़ा है, लेकिन उनकी सबसे बड़ी पहचान छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया गया। साथ ही कोरिया जिले के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों के बीच खुलकर विचार-विमर्श हुआ। संवाद की मुख्य कमान आज की जनधारा के प्रधान संपादक सुभाष मिश्रा तथा बिलासपुर के स्थानीय संपादक प्रभात दत्त झा ने संभाली।

पहला सत्र: बाजार, मीडिया और साहित्य

संवाद के पहले सत्र में “बाजार, मीडिया और साहित्य” विषय पर चर्चा हुई। सुभाष मिश्रा ने बदलते दौर में मीडिया और साहित्य की भूमिका पर विचार रखे। इस चर्चा में वरिष्ठ पत्रकार उत्तम कश्यप, प्रेस क्लब कोरिया के अध्यक्ष प्रवीण सिंह, वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण विभूति तिवारी, साहित्यकार गंगा प्रसाद मिश्रा और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शुभम प्रजापति शामिल हुए।

वक्ताओं ने कहा कि बाजारवाद के इस दौर में मीडिया और साहित्य की विश्वसनीयता को बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है। गंगा प्रसाद मिश्रा ने कहा कि आज भी अखबारों पर लोगों का भरोसा कायम है, जबकि डिजिटल मीडिया को विश्वसनीयता के मामले में और अधिक जिम्मेदार बनने की जरूरत है।

दूसरा सत्र: बदलते समय में स्त्री संवाद

दूसरे सत्र में एंकर पृथा शुक्ला ने “बदलते समय में स्त्री संवाद” विषय पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं से चर्चा की। कोरिया मिलेट्स कैफे की संचालिका हिना ने बताया कि स्वयं सहायता समूह की 30 महिलाओं ने मिलकर एक करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है और इसमें जिला प्रशासन का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिला।

जिला पंचायत सदस्य नीलीमा चतुर्वेदी ने स्वयं सहायता समूहों के शुरुआती संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज हजारों महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन चुकी हैं और “कोरिया ब्रांड” तैयार कर रही हैं। जिला पंचायत सदस्य गीता राजवाड़े ने कहा कि परिवार के सहयोग से उन्होंने राजनीति में अपनी पहचान बनाई और आज महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं। जिला पंचायत सदस्य सौभाग्यवती सिंह ने भी समाज में महिलाओं की बदलती स्थिति और बढ़ती भागीदारी पर अपने विचार रखे।

तीसरा सत्र: ग्रामीण नेतृत्व को सशक्त करता पंचायती राज

कार्यक्रम के तीसरे सत्र में “ग्रामीण नेतृत्व को सशक्त करता पंचायती राज” विषय पर चर्चा हुई। प्रभात दत्त झा ने जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष बसंत राय, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स की जिलाध्यक्ष शारदा गुप्ता और समाजसेवी वीरेंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य वक्ताओं से संवाद किया।

वक्ताओं ने पंचायती राज व्यवस्था के बदलते स्वरूप पर चर्चा करते हुए कहा कि स्थानीय निकायों की भूमिका विकास की धुरी बन चुकी है। इस दौरान विशेष रूप से यह बात सामने आई कि कोरिया जिले में प्राकृतिक सौंदर्य, वन संपदा और धार्मिक स्थलों के कारण पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। यदि उद्योग और पर्यटन को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाए तो जिले में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का सम्मान

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया:

  • उद्यमिता: शोएब अख्तर
  • आयुष चिकित्सा: डॉ. राजकुमार शर्मा
  • उन्नत कृषि: संजय शर्मा
  • शिक्षा एवं कौशल विकास: रुद्र प्रताप सिंह राणा
  • रोजगार एवं उद्यमिता: महिला स्वयं सहायता समूह बैकुंठपुर तथा कोरिया मिलेट्स कैफे टीम
  • पर्यावरण संरक्षण: वीरेंद्र श्रीवास्तव
  • कला: चित्रकार अरविंद नागवंशी
  • साहित्य: गंगा प्रसाद मिश्रा
  • पत्रकारिता: वरिष्ठ पत्रकार उत्तम कश्यप, प्रवीण सिंह, योगेश चंद्र और कृष्ण विभूति तिवारी
  • समाज सेवा: सुमित अग्रवाल (रक्तदान नेटवर्क के माध्यम से जरूरतमंदों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराने हेतु)
  • जनजागरूकता एवं समाज सेवा: राष्ट्रपति पदक से सम्मानित डॉ. महेश मिश्रा
  • सोशल मीडिया: शुभम कुमार प्रजापति (युवाओं को रोजगार और जागरूकता से जोड़ने हेतु)
  • चिकित्सा सेवा: कृति गुप्ता तथा अन्य अतिथि

पद्मश्री उषा बारले की पंडवानी प्रस्तुति

कार्यक्रम के अंत में पद्मश्री उषा बारले ने पंडवानी की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने अपने संघर्षों और उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना उनका संकल्प है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में आज की जनधारा के जिला प्रतिनिधि राजेश राज गुप्ता, स्टेट हेड (सेल्स एवं मार्केटिंग) सुमन, सोशल एवं डिजिटल मीडिया एडिटर मधुकर दुबे सहित स्थानीय नागरिकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *