साय कैबिनेट बैठक में दो बड़े फैसले….

Sai Cabinet Decision : रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने राज्य के युवाओं और अन्नदाताओं के हित में दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में पूर्व अग्निवीरों को राज्य की सरकारी सेवाओं में अवसर देने के साथ-साथ किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए ठोस व्यवस्था बनाई गई है।

पूर्व सैनिकों के लिए सीधी भर्ती में प्राथमिकता

सरकार ने सेना में चार साल का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा कर लौटे युवाओं को राज्य में रोजगार का बड़ा अवसर दिया है। अब छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को राज्य पुलिस में आरक्षक, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में वनरक्षक तथा जेल विभाग में प्रहरी जैसे तृतीय श्रेणी के पदों पर 10 प्रतिशत का सीधा आरक्षण दिया जाएगा। इसके लिए राज्य शासन द्वारा विशेष आरक्षण नियम-2026 तैयार किए जा रहे हैं।

अन्नदाताओं के लिए उर्वरक निगरानी व्यवस्था

किसानों को खरीफ और रबी सीजन के दौरान खाद की किल्लत का सामना न करना पड़े, इसके लिए एक उच्चस्तरीय अंतर-मंत्रालयी उप-समिति के गठन का फैसला हुआ है। उपमुख्यमंत्री की अगुवाई में बनी यह समिति प्रदेश भर में रासायनिक उर्वरकों की आपूर्ति, स्टॉक और वितरण प्रणाली की सीधे निगरानी करेगी। कृषि, सहकारिता व वित्त मंत्री इस समिति में बतौर सदस्य शामिल रहेंगे, जबकि कृषि उत्पादन आयुक्त को संयोजक बनाया गया है।

कैबिनेट के इन दोनों निर्णयों से एक ओर जहाँ अनुशासित और प्रशिक्षित युवाओं को शासकीय सेवा में आने का मार्ग सुलभ होगा, वहीं दूसरी ओर बुवाई के मुख्य सीजन में किसानों को खाद आपूर्ति के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *