टनल हादसे में 8 मजदूरों की मौत, मीथेन गैस के रिसाव से रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी अड़चन

Sikkim tunnel collapse accident : गंगटोक: सिक्किम के नामची जिले में तीस्ता स्टेज-VI जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन समारदुंग सुरंग में सोमवार को हुए हादसे के बाद बचावरोधक अभियान जारी है। लैंडस्लाइड के चलते टनल का प्रवेश द्वार बंद होने से अंदर कई मजदूर फंस गए थे। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सुरंग के भीतर अभी भी 18 से अधिक मजदूरों के फंसे होने की आशंका है।

सोमवार दोपहर करीब 3:09 बजे हुए इस हादसे के बाद स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब टनल के भीतर जहरीली मीथेन गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस के भारी असर के कारण शुरुआती दौर में बिना सुरक्षा उपकरणों के अंदर घुसे कई पुलिसकर्मी और फायर ब्रिगेड के जवान बेहोश हो गए। हालांकि, बाद में पहुँची NDRF और SDRF की टीमों ने उन कर्मियों को बाहर निकाला और विशेष उपकरणों के साथ राहत कार्य दोबारा शुरू किया।

दुर्घटना के सही कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, लेकिन बाहर निकले प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों के अनुसार टनल के अंदर तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी थी, जिसके तुरंत बाद भूस्खलन हुआ। फिलहाल NDRF, SDRF, पुलिस और आपातकालीन सेवाएं युद्धस्तर पर रेस्क्यू में जुटी हुई हैं। राज्य के मुख्यमंत्री स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी जिला अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *