रमेश गुप्ता भिलाई। छत्तीसगढ़ में पहली बार भिलाई के जयंती स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय माउंटेन बाइक (MTB) फ्रीस्टाइल चैंपियनशिप का समापन रोमांच और उत्साह के बीच हुआ। लगातार हो रही तेज बारिश भी खिलाड़ियों के हौसलों को डिगा नहीं सकी। देश के 22 राज्यों से आए 58 प्रतिभाशाली साइकिल खिलाड़ियों ने अपने हैरतअंगेज करतब और शानदार प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचे 10 खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

बारिश में भी रोमांचक रहा फाइनल मुकाबला
फाइनल में खिलाड़ियों ने संतुलन, तकनीक और साहस का अद्भुत प्रदर्शन किया। पहली बार इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले भिलाई के प्रेरक कांत वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। दूसरे स्थान पर श्रीनगर (कश्मीर) के मोहम्मद फरहान रहे, जबकि तीसरा स्थान पटना (बिहार) के मोहम्मद दिलशाद ने प्राप्त किया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।
सांसद विजय बघेल ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
समापन समारोह के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे। उन्होंने भारी बारिश के बीच मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, सुधीर बंसल, विष्णु पाठक, पप्पू चंद्राकर, पार्षद धर्मेंद्र भगत, अर्जुन पुरस्कार विजेता राजेंद्र प्रसाद तथा बीएसपी के परमिंदर सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
‘भिलाई को मिली राष्ट्रीय पहचान’
अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि भिलाई में पहली बार इस स्तर की राष्ट्रीय MTB फ्रीस्टाइल चैंपियनशिप का आयोजन होना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आयोजन समिति और VRM क्लब को बधाई देते हुए कहा कि तेज बारिश के बावजूद खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और खेल भावना प्रेरणादायी रही।
उन्होंने कहा कि 22 राज्यों से खिलाड़ियों का भिलाई पहुंचना इस शहर की बढ़ती खेल पहचान का प्रमाण है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने के साथ प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाते हैं।
अपने खेल जीवन का किया उल्लेख
सांसद विजय बघेल ने अपने खेल जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि वे स्वयं कबड्डी के खिलाड़ी और चैंपियन रह चुके हैं। इसलिए वे खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और संघर्ष को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करना ही सच्चे खिलाड़ी की पहचान है।
आयोजन समिति का जताया आभार
आयोजन समिति के मुकेश सिंह, अभिषेक सिंह एवं अमन ठाकुर ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी भिलाई में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी रहेगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिल सके।
छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में जुड़ा नया अध्याय
भिलाई के जयंती स्टेडियम में आयोजित यह राष्ट्रीय MTB फ्रीस्टाइल चैंपियनशिप छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नई उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गई। प्रतिकूल मौसम के बावजूद सफल आयोजन ने यह साबित कर दिया कि खेल भावना और दृढ़ संकल्प के आगे कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।