तमिलनाडु सरकार ने जापान की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी हिताची के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। चेन्नई में हुए इस 1,000 करोड़ रुपये के समझौते के तहत कंपनी राज्य में अपने परिचालन का विस्तार करेगी। इस निवेश का सबसे बड़ा फायदा राज्य के युवाओं को मिलेगा, क्योंकि इससे 1,000 से अधिक हाई-वैल्यू तकनीकी पद सृजित होंगे। इससे न केवल स्थानीय छात्रों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि उन्हें बेहतर सैलरी वाली नौकरियां भी मिलेंगी।
युवाओं और औद्योगिक इकोसिस्टम को मिलेगी मजबूती
राज्य सरकार के अनुसार, यह समझौता केवल व्यावसायिक विस्तार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह तमिलनाडु के युवाओं की काबिलियत और यहां के औद्योगिक माहौल पर विदेशी कंपनियों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। सरकार का मानना है कि इस कदम से राज्य का तकनीकी क्षेत्र और अधिक मजबूत होगा और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
मंत्री ने सोशल मीडिया पर जताई खुशी
तमिलनाडु की मंत्री कीर्तना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस समझौते की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि यह निवेश राज्य के वर्करों और औद्योगिक ढांचे में कंपनी के भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने मुख्यमंत्री थिरु सी. जोसेफ विजय अवर्गाल के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य हर दिन तेजी से प्रगति कर रहा है और हिताची के साथ यह पार्टनरशिप एक शानदार शुरुआत है।
