वृद्ध ग्रामीण की धारदार हथियार से हत्या, पुलिस जांच में जुटी

बीजापुर। जिले के थाना उसूर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नम्बी बंगालपारा में एक वृद्ध ग्रामीण की अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना उसूर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मुचाकी हुंगा (60 वर्ष), पिता देवा हुंगा, निवासी ग्राम नम्बी बंगालपारा के रूप में हुई है। बताया गया कि वे घर पर अकेले रहते थे। बीती रात वे अपने छोटे पुत्र के घर भोजन करने के बाद वापस अपने घर लौटकर सो गए थे। सुबह उनकी हत्या की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं तथा आरोपियों की तलाश के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *