उज्जैन। वर्ष 2008 के अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा दोषी मोहम्मद अबरार मनियार तीन दिन की पैरोल पर उज्जैन पहुंचा। अपनी बेटी के निकाह में शामिल होने के लिए उसने गुजरात हाईकोर्ट से अनुमति मांगी थी। कड़ी सुरक्षा घेरे के बीच गुजरात पुलिस उसे साबरमती जेल से उज्जैन लेकर आई।

बेगमबाग में संपन्न हुआ निकाह
मोहम्मद अबरार के बेगमबाग स्थित निवास पर निकाह की रस्में पूरी की गईं। इस दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। कार्यक्रम स्थल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेडिंग की गई। महाकाल थाना पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था में गुजरात पुलिस का पूरा सहयोग किया। विवाह समारोह में केवल अधिकृत लोगों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई।
सोमवार सुबह हुई रवानगी
निकाह की रस्म पूरी होने के बाद सोमवार सुबह दोषी को वापस साबरमती जेल ले जाया गया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008 में हुए अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट में 56 लोगों की जान गई थी और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे। इस मामले में उज्जैन के भी कुछ व्यक्तियों को दोषी पाया गया था। यह पहली बार नहीं है जब इस मामले का कोई दोषी पैरोल पर उज्जैन आया हो। इससे पहले भी एक अन्य दोषी इसी तरह की अनुमति लेकर अपने पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल हो चुका है।
.