मुंबई में कुदरत का कहर, चॉल गिरी तो मचा कोहराम

मुंबई। मुंबई में जारी मूसलाधार बारिश ने रविवार को बड़ी तबाही मचा दी है। मानखुर्द इलाके में एक 3 मंजिला चॉल अचानक ढह गई, जिससे 6 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में 4 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। हादसे के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।

मंदिर के पीछे हुआ बड़ा हादसा

घटना मानखुर्द के जनता नगर की है। रविवार रात करीब 8.30 बजे हनुमान मंदिर के पीछे स्थित चॉल नंबर 5 अचानक भरभरा कर गिर पड़ी। बारिश के कारण चॉल का ढांचा कमजोर हो गया था। शुरुआती जानकारी में 4 से 5 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई थी। रेस्क्यू टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

अस्पतालों में मचा कोहराम

हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। बीएमसी के अधिकारियों के मुताबिक, शताब्दी अस्पताल में 5 लोगों को मृत घोषित किया गया, जबकि एक पुरुष की मौत राजावाड़ी अस्पताल में हुई। एक अन्य घायल व्यक्ति का अभी इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम तेज कर दिया।

भारी बारिश बनी मुसीबत

मुंबई में पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। शहर के कई इलाकों में 200 मिमी से ज्यादा और कुछ जगहों पर 300 मिमी से अधिक पानी गिर चुका है। जलजमाव और लगातार बारिश ने पुराने ढांचों को जोखिम में डाल दिया है। हालांकि बीएमसी हर साल खतरनाक इमारतों का सर्वे करती है और नोटिस भी देती है, लेकिन इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर इन चॉल या जर्जर इमारतों में रहने को मजबूर हैं। पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *