रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। बुधवार को सिवनी जिला मुख्यालय में आयोजित राज्यस्तरीय धान महोत्सव में मुख्यमंत्री ने कई बड़े ऐलान किए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के धान उत्पादक किसानों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब धान की फसल पर भी भावांतर योजना का लाभ दिया जाएगा। राज्य सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी और बाजार मूल्य के बीच के अंतर की राशि सीधा किसानों के खातों में भेजेगी।

मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश के 3 हजार 941 किसानों को कोदो-कुटकी के बोनस के रूप में 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 रुपए की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की। यह बोनस 1 हजार रुपए प्रति क्विंटल की दर से दिया गया है।
सिवनी की छत्रिय धान को भौगोलिक संकेतक टैग यानी जीआई टैग मिल गया है। मुख्यमंत्री ने इसे पारंपरिक खेती का वैश्विक सम्मान बताया।
संबल 2.0 योजना के तहत प्रदेश के 16 हजार 754 से अधिक श्रमिक परिवारों को 365 करोड़ रुपए की सहायता राशि ट्रांसफर की गई।
जिले को 494 करोड़ 16 लाख रुपए की लागत वाले 629 विकास कार्यों की सौगात मिली। इसमें 586 कार्यों का लोकार्पण और 43 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
सिवनी के विकास के लिए मुख्यमंत्री के बड़े ऐलान
बालाघाट से सिवनी तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी।
छपारा ब्लॉक के ग्राम चमारी में नया सरकारी कॉलेज खुलेगा।
ग्राम सागर से खटकर तक पक्की सड़क का निर्माण होगा।
ग्राम छिड़िया पलारी में नगर वन की स्थापना की जाएगी।
सिवनी जिले के हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे किसान सिर्फ अन्नदाता नहीं, बल्कि धरती के वास्तविक शुभंकर हैं। किसानों की खुशहाली ही सरकार का मुख्य संकल्प है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहली बार सरकारी स्तर पर कोदो-कुटकी खरीदने का अभियान शुरू किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना शुरू कर मोटे अनाज का मान पूरी दुनिया में बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कम बारिश की आशंका को देखते हुए किसानों को कोदो-कुटकी जैसी फसलों के लिए तैयार रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इस महीने प्रदेश में समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी लागू करने के लिए प्रस्ताव लाया जाएगा, जिसमें जनजातीय समाज को इस दायरे से बाहर रखा जाएगा। इसके अलावा उन्होंने लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपए की राशि और किसानों को सम्मान निधि लगातार मिलने की बात भी दोहराई।