वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में वापसी करते ही बड़ा खेल कर दिया है। अपने कार्यकाल के पहले ही साल में ट्रंप और उनके परिवार ने डिजिटल करेंसी यानी क्रिप्टोकरेंसी के कारोबार से छप्परफाड़ कमाई की है। सरकारी कागजों से खुलासा हुआ है कि ट्रंप परिवार ने साल 2025 में इस नए जमाने के कारोबार से करीब 1.4 अरब डॉलर यानी 13 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का मुनाफा कमाया है।

एक साल में तीन गुना बढ़ा मुनाफा
अमेरिकी सरकार के एथिक्स ऑफिस की तरफ से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल राष्ट्रपति ट्रंप की कुल कमाई 2.2 अरब डॉलर रही। इसमें उनके पुराने रियल एस्टेट यानी जमीन-जायदाद के बिजनेस और बाकी सभी धंधों की कमाई शामिल है। अगर इसकी तुलना साल 2024 से करें, तो तब ट्रंप को अपने बिजनेस से सिर्फ 62.2 करोड़ डॉलर की आमदनी हुई थी। इसका मतलब है कि एक ही साल में उनकी कमाई करीब तीन गुना से ज्यादा बढ़ गई है।
सऊदी कनेक्शन से पलटी किस्मत
ट्रंप की इस बंपर कमाई के पीछे संयुक्त अरब अमीरात का एक बड़ा सौदा है। वहां की एक इन्वेस्टमेंट कंपनी ने ट्रंप परिवार की डिजिटल करेंसी कंपनी ‘वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल’ का लगभग आधा हिस्सा खरीद लिया। इसके अलावा ट्रंप नाम से चल रहे डिजिटल कॉइन और अपनी कंपनी के डिजिटल टोकन बेचकर भी उन्होंने करोड़ों रुपये अंदर किए।
कानूनन जानकारी देना जरूरी
अमेरिका के नियम कायदों के मुताबिक, वहां के राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति को हर साल अपनी कमाई और संपत्तियों का पूरा हिसाब-किताब सरकार को देना पड़ता है। ट्रंप ने जो ब्योरा सरकारी दफ्तर में जमा किया, उसी से इस भारी-भरकम कमाई का सच दुनिया के सामने आया है।
व्हाइट हाउस ने साधी चुप्पी
इस मामले पर फिलहाल व्हाइट हाउस की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। हालांकि, ट्रंप पहले भी कई बार कह चुके हैं कि देश के राष्ट्रपति होने के नाते उन पर हितों के टकराव वाले सरकारी नियम लागू नहीं होते हैं। वो अपने पद पर रहते हुए भी बिजनेस कर सकते हैं।