28 जून से जिले में तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

0 से 5 वर्ष तक के 96,085 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने पालकों से की बच्चों को बूथ तक लाने की अपील

बेमेतरा 25 जून 2026/- जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ 28 जून 2026, रविवार को किया जाएगा। यह अभियान माननीय कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान जिले में 0 से 5 वर्ष आयु तक के कुल 96,085 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के प्रथम दिवस 28 जून को जिले भर के पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, जबकि 29 एवं 30 जून को टीकाकरण दल घर-घर पहुंचकर बूथों में छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक देकर प्रतिरक्षित करेंगे।

उन्होंने बताया कि विकासखंडवार बच्चों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें विकासखंड बेमेतरा में 26,776, साजा में 22,074, नवागढ़ में 25,009 तथा बेरला में 22,230 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए जिले में कुल 801 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं।

अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिले के 14 ट्रांजिट स्थलों पर 44 सदस्यों की तैनाती की गई है। ये दल ईंट-भट्ठों, घुमंतू समूहों और मलीन बस्तियों में जाकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें पोलियो की खुराक पिलाएंगे। इसके अलावा विकासखंडों द्वारा गठित 06 मोबाइल टीमों के माध्यम से भी ट्रांजिट स्थलों का भ्रमण कर बच्चों तक पोलियो की दवा पहुंचाई जाएगी।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की सभी तैयारियां जिला एवं विकासखंड स्तर पर पूर्ण कर ली गई हैं। अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, मितानिन कार्यक्रम तथा शिक्षा विभाग का भी आवश्यक सहयोग लिया जा रहा है।

इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के सभी पालकों और नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को 28 जून, रविवार को अपने नजदीकी पोलियो बूथ तक अवश्य लेकर जाएं और पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को देश में पुनः प्रवेश से रोकने के लिए समाज के हर वर्ग की जागरूक सहभागिता आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से ही पोलियो उन्मूलन के लक्ष्य को स्थायी रूप से सफल बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *