बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ मितानिन संघ ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलेभर से आई हजारों मितानिनों ने एक विशाल रैली निकाली और मुख्यमंत्री के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। मितानिनों का कहना है कि चुनाव प्रचार के दौरान ‘मोदी की गारंटी’ के तहत जो वादे किए गए थे, उन्हें सरकार जल्द से जल्द पूरा करे।

इन तीन प्रमुख मांगों को लेकर अड़ीं मितानिनें:
संविलियन: सभी मितानिनों का राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के पदों पर संविलियन किया जाए।
मानदेय में बढ़ोतरी: वर्तमान मानदेय में तत्काल 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाए।
ठेका प्रथा की समाप्ति: मितानिनों के कार्यों में ठेका प्रथा को पूरी तरह से बंद किया जाए।
तेज धूप भी नहीं रोक पाई हौसला, उग्र आंदोलन की चेतावनी
बलौदाबाजार के नगर भवन से शुरू हुई यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गार्डन चौक पहुंची। रैली में शामिल हजारों महिलाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गार्डन चौक पर प्रशासन की ओर से पहुंचे नायब तहसीलदार को मितानिनों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

कड़ी धूप और भीषण गर्मी के बावजूद मितानिनें अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटी रहीं। संघ के पदाधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी जायज मांगों को जल्द पूरा नहीं किया, तो आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा।