स्वनिधि महोत्सव 2026: नया बाराद्वार में लगा विशेष शिविर, आवेदनकर्ताओं की समस्याओं का जल्द होगा निपटारा

सक्ती। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सफल छह वर्ष पूरे होने के मौके पर स्वनिधि महोत्सव 2026 के अंतर्गत गुरुवार को नगर पंचायत नया बाराद्वार के स्थानीय मंगल भवन में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सुबह 10 बजे नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण कुर्रे, उपाध्यक्ष जितेश शर्मा, पार्षद पवन अग्रवाल और कैलाश भैना सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में हुआ।

हितग्राहियों को मिला आवेदन का मौका

इस विशेष शिविर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के पात्र हितग्राहियों से नए आवेदन लिए गए। साथ ही, वहां पहुंचे लोगों को योजना के विभिन्न प्रावधानों और फायदों की विस्तृत जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में आए नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया को पूरा करने में अधिकारियों द्वारा हरसंभव सहयोग भी दिया गया।

अधिकारियों ने किया समस्याओं का समाधान

शिविर के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोज कुमार कश्यप, उप अभियंता उत्तम सिंह कंवर, छतराम भैना, अर्चना गुप्ता, शोभित बरेठ, पुष्पराज देवांगन और नंदकुमार राठौर ने उपस्थित रहकर हितग्राहियों से सीधे आवेदन प्राप्त किए और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया।

नगर पंचायत के उपाध्यक्ष जितेश शर्मा ने बताया कि शिविर में हितग्राहियों से प्राप्त किए गए सभी आवेदनों का शीघ्र ही निराकरण किया जाएगा ताकि उन्हें समय पर लोन और अन्य सुविधाएं मिल सकें।

स्वरोजगारियों को सशक्त बनाने का लक्ष्य

नगर पंचायत द्वारा आयोजित इस शिविर में स्थानीय छोटे व्यवसायियों और नागरिकों ने बड़े उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि स्वनिधि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और स्वरोजगारियों को इस योजना से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि वे अपने काम को आगे बढ़ाकर पूरी तरह आत्मनिर्भर बन सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *