आठवीं की छात्रा का बड़ा सपना-यूपीएससी की तैयारी कैसे करें?

कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने सराहा जज्बा, कहा-लक्ष्य तय करें, मेहनत करें और बड़े सपनों को साकार करें

कलेक्टर ने बच्चों के साथ किया मध्यान्ह भोजन

कोरिया, 25 जून 2026/ जिले के रामगढ़ स्थित कन्या आश्रम शाला में उस समय प्रेरणादायी माहौल बन गया, जब कक्षा आठवीं की एक छात्रा ने कलेक्टर रोक्तिमा यादव से बेझिझक पूछा, ‘यूपीएससी की तैयारी के लिए क्या करना होगा?’ एक छोटी सी छात्रा के बड़े सपने और आत्मविश्वास भरे इस सवाल ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया।

नियमित अध्ययन, विषयों पर मजबूत पकड़ और सामान्य ज्ञान के प्रति गहरी रुचि जरूरी
कलेक्टर रोक्तिमा यादव बुधवार को सोनहत ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों का दौरा की थी, इसी बीच रामगढ़ में बालिका छात्रावास में पढ़ने वाली कक्षा आठवी की एक छात्रा की जिज्ञासा की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी बड़ी सफलता की शुरुआत एक बड़े लक्ष्य से होती है। उन्होंने छात्रा को समझाया कि यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफल होने के लिए अभी से नियमित अध्ययन की आदत विकसित करनी होगी, अपने विषयों पर मजबूत पकड़ बनानी होगी और सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ानी होगी।

उन्होंने कहा कि 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद स्नातक की डिग्री प्राप्त करें और फिर यूपीएससी तथा पीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पूरे समर्पण के साथ करें। साथ ही दैनिक समाचार पत्र पढ़ने, समसामयिक घटनाओं की जानकारी रखने और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास करने की सलाह भी दी।

26 की पहाड़ा सुनाने पर बच्चे को मिली शाबासी
इस अवसर पर कलेक्टर ने सोनहत के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय और रामगढ़ के माध्यमिक शाला का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से पढ़ाई-लिखाई और उनके भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा की। प्राथमिक स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा तीसरी की एक छात्रा ने 26 की पहाड़ा बेधड़क पढ़कर सुनाया तो कलेक्टर ने दी शाबासी। इस अवसर पर बच्चों ने खुद होकर कविता सुनाया व सामूहिक नृत्य करके दिल भी जीत लिया।

यादव कक्षा में शिक्षिका की भूमिका निभाते हुए बच्चों से रोचक प्रश्न पूछे और उन्हें जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रतिभा किसी क्षेत्र, संसाधन या परिस्थिति की मोहताज नहीं
कलेक्टर ने कहा कि प्रतिभा किसी क्षेत्र, संसाधन या परिस्थिति की मोहताज नहीं होती। सही मार्गदर्शन, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी बच्चा अपने सपनों को साकार कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपने मन को कभी छोटा न करें और सीखने की जिज्ञासा हमेशा बनाए रखें।

पढ़ाई के साथ खेलकूद और स्वास्थ्य पर भी दें विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान यादव ने आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित कन्या आश्रम शाला की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से भोजन, पेयजल, शौचालय और अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा पढ़ाई के साथ खेलकूद और स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

मध्यान्ह भोजन का लिया स्वाद, गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश
कलेक्टर ने रसोई कक्ष में पहुंचकर बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे मध्यान्ह भोजन का स्वाद लिया और भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित रूप से दाल, हरी सब्जियां और सलाद उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *