अम्बिकापुर, 25 जून 2026। छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने आषाढ़ के प्रथम दिवस पर आयोजित होने वाले दो दिवसीय ‘रामगढ़ महोत्सव 2026’ की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने विकासखंड उदयपुर स्थित रामवनगमन पर्यटन परिपथ और विश्व की प्राचीनतम नाट्यशाला रामगढ़ का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल की सभी व्यवस्थाओं को देखा और अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के कड़े निर्देश दिए। इस महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।

निरीक्षण के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि रामगढ़ महोत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है। इस महोत्सव के जरिए रामगढ़ की ऐतिहासिक धरोहरों, सीताबेंगरा व जोगीमारा गुफाओं और रामवनगमन पर्यटन परिपथ को व्यापक पहचान मिलेगी।
सभी व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने के निर्देश
आगामी 29 और 30 जून को आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव में बड़ी संख्या में जनप्रतितिधियों, कलाकारों, पर्यटकों और आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। इसे ध्यान में रखते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने सीताबेंगरा, हाथी पोल, हेलीपैड, मुख्य मंच, पार्किंग, पंडाल, बैठक व्यवस्था, बिजली-पानी की आपूर्ति, साफ-सफाई और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉलों व प्रदर्शनियों का बारीक निरीक्षण किया। उन्होंने सीताबेंगरा और हाथी पोल स्थल पर सभी आवश्यक इंतजामों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के निर्देश दिए।
विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
मंत्री अग्रवाल ने विभागवार जिम्मेदारियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, आगंतुकों के लिए मूलभूत सुविधाओं, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर अजीत वसंत ने भी रामगढ़ महोत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता वीरेंद्र चौधरी, एसडीएम रामराज सिंह, उदयपुर जनपद पंचायत सीईओ वेद प्रकाश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।