कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट: 24 घंटे में 5% सस्ता हुआ क्रूड ऑयल, भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम घटने के आसार

Petrol Diesel Prices : नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली है। बीते 24 घंटे में क्रूड ऑयल के दाम करीब 5 फीसदी तक टूट गए हैं, जिससे घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत मिलने की उम्मीदें एक बार फिर बढ़ गई हैं। सोमवार सुबह जो ब्रेंट क्रूड अंतरराष्ट्रीय बाजार में 82 डॉलर प्रति बैरल के पार चल रहा था, वह बाजार बंद होते-होते धड़ाम होकर 77 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं, खाड़ी देशों का कच्चा तेल भी गिरकर 76 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गया।

कच्चे तेल की कीमतों में आई इस अचानक गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच हुई सकारात्मक बातचीत को माना जा रहा है। अमेरिका ने ईरान पर लगे प्रतिबंधों में ढील देते हुए उसे दो महीने (21 अगस्त तक) के लिए कच्चे तेल, पेट्रोलियम उत्पादों और पेट्रोकेमिकल की बिक्री को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से वैश्विक बाजार में तेल की सप्लाई को लेकर बनी चिंताएं दूर हो गई हैं और दोनों देशों के बीच तनाव भी कम हुआ है। इसके अलावा इराक, संयुक्त अरब अमीरात और कुवैत जैसे अन्य खाड़ी देशों ने भी तेल का उत्पादन बढ़ाने के संकेत दिए हैं, जिससे बाजार में अतिरिक्त सप्लाई आने की उम्मीद है।

इस बीच, अमेरिकी क्रूड (WTI) के दाम भी 4.53 फीसदी की गिरावट के साथ 73 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुए। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, लेकिन सप्लाई सुधरने से भारतीय तेल कंपनियों को बड़ी राहत मिलेगी। जेपी मॉर्गन की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय तेल कंपनियों का प्रॉफिट मार्जिन अब युद्ध-पूर्व (Pre-War) के स्तर से भी बेहतर स्थिति में पहुंच गया है।

पेट्रोल-डीजल पर मिल सकती है राहत कच्चे तेल में आई इस नरमी के बाद देश में पेट्रोल और डीजल के मोर्चे पर ‘अच्छे दिन’ आने के संकेत मिल रहे हैं। हाल ही में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी इशारा किया था कि जैसे ही भारतीय रिफाइनरियों को सस्ता कच्चा तेल मिलना शुरू होगा, इसका सीधा फायदा आम जनता को दिया जाएगा। फिलहाल देश के प्रमुख महानगरों में बीते 29 दिनों से ईंधन की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर है, जबकि मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है। जानकारों का मानना है कि वैश्विक बाजार में अगर मंदी का यह रुख जारी रहा, तो जल्द ही आम उपभोक्ताओं को कीमतों में कटौती का तोहफा मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *