सरपंच, सचिव और ग्राम रोजगार सहायकों को मिला प्रभावी क्रियान्वयन का गुरुमंत्र
सूरजपुर / जनपद पंचायत रामानुजनगर के सामुदायिक भवन में ग्रामीण विकास की दो बेहद महत्वपूर्ण योजनाओं पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन’ वीबी-जीरामजी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सफल संचालन को लेकर मैदानी अमले को विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
नवीन व्यवस्था वीबी-जीरामजी पर विशेष फोकस
बता दें कि वीबी-जीरामजी ग्रामीण रोजगार और आजीविका को सुदृढ़ करने से जुड़ी एक बिल्कुल नई व्यवस्था है। इसके जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन द्वारा लगातार विभिन्न स्तरों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि योजना का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से ग्रामीणों तक पहुंच सके।
ऑनलाइन प्रक्रियाओं और तकनीकी बारीकियों की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत के सहायक परियोजना अधिकारी एपीओ एवं तकनीकी समन्वयक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को योजनाओं के विभिन्न कानूनी प्रावधानों और कार्यप्रणाली से अवगत कराया।

ऑनलाइन प्रक्रियाओं और तकनीकी बारीकियों की महत्वपूर्ण जानकारी दी। मैदानी स्तर पर आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों और उनके समाधान के तरीके साझा किए।
पीएमएवाई-जी के तहत आवास प्रगति की समीक्षा
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत हितग्राहियों के सही चयन, आवास की त्वरित स्वीकृति, निर्माण कार्य की प्रगति तथा अन्य जरूरी तकनीकी बिंदुओं पर भी विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान एक संवाद सत्र भी रखा गया, जिसमें उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने अपनी शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया।
पारदर्शिता और अधिकतम लाभ पहुँचाना मुख्य उद्देश्य
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम पात्र हितग्राही तक इसका अधिकतम लाभ पहुँचाया जा सके।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी रामानुजनगर, तकनीकी सहायक विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक समेत विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। उपस्थित प्रतिभागियों ने इस सत्र को बेहद उपयोगी बताते हुए अपने जमीनी अनुभव भी साझा किए।