सूरजपुर / थाना विश्रामपुर क्षेत्र के करमपुर रोड स्थित एक पोखरी (खदान) से पुलिस ने एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद किया है। शव अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में है, जिसके कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आम नागरिकों से मृतक की पहचान करने में सहयोग की अपील की है।
तीन दिनों के कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकला शव
जानकारी के अनुसार, बीते 17 जून को करमपुर रोड स्थित पोखरी खदान क्रमांक 5-6 के पानी में एक शव तैरता हुआ देखा गया था।
सूचना पर तत्काल विश्रामपुर पुलिस और जिला आपदा बल DDRF सूरजपुर की टीम मौके पर पहुँची। पानी गहरा होने के कारण शव डूब गया, जिससे पहले दिन सफलता नहीं मिली।
अगले दिन 18 जून को सूरजपुर और अंबिकापुर की संयुक्त DDRF टीमों ने गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन चलाया। आखिरकार, 19 जून को भारी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने इस मामले में मर्ग क्रमांक 45/2026, धारा 194 BNSS के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहचान के लिए अहम सुराग,, मृतक का हुलिया
उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष,, कद करीब 5 फीट 9 इंच,, विशेष पहचान के रूप में मृतक की दोनों हथेलियों पर हरे रंग का निशान है,,पहनावे के तौर पर मृतक जो टी-शर्ट पहने हुए है, उस पर भी हरा रंग लगा हुआ है।
आसपास के इलाकों में पहचान की कोशिशें नाकाम
थाना क्षेत्र और उसके आसपास के गांवों में गहन पतासाजी करने के बावजूद अब तक मृतक के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया है। शव के विकृत होने के कारण बिना जनसहयोग के पहचान मुमकिन नहीं दिख रही है।
विश्रामपुर पुलिस ने की अपील,, यहाँ करें संपर्क
सूरजपुर पुलिस ने जिले और राज्य के नागरिकों से भावुक व जिम्मेदार अपील की है। यदि इस हुलिए का कोई व्यक्ति आपके आसपास, परिचितों या रिश्तेदारों में लापता है, या आपके पास इससे जुड़ी कोई भी पुख्ता जानकारी है, तो तुरंत अपने नजदीकी पुलिस थाने या थाना विश्रामपुर जिला सूरजपुर में संपर्क करें। आपकी एक छोटी सी सूचना इस अज्ञात मृतक को उसकी पहचान दिला सकती है।