कबीरधाम (बोड़ला), 20 जून 2026/ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम नेउरगाँव खुर्द में भारत माता की प्रतिमा और भव्य शहीद स्मारक का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों की एकजुटता, देशभक्ति और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना की सराहना करते हुए कहा कि नेउरगाँव खुर्द ने पूरे प्रदेश के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण पेश किया है।

गाँव के हर घर से हुआ सहयोग उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि शहीदों के त्याग और बलिदान को याद रखने के लिए ग्रामीणों का यह प्रयास समाज में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक समरसता की एक मिसाल है। उन्होंने बताया कि शहीद स्मारक परिसर के निर्माण की शुरुआत उनकी विधायक निधि से मिले 3.50 लाख रुपए की राशि से हुई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने इसे केवल एक सरकारी निर्माण न मानकर अपनी श्रद्धा का प्रतीक बना दिया। गाँव के हर घर से इसके लिए सहयोग दिया गया और ग्रामीणों ने आपसी सहयोग व जनभागीदारी से चंदा जुटाकर लगभग 10 लाख रुपए की लागत से भव्य शहीद स्मारक का निर्माण कराया।
नई पीढ़ी को मिलेगी वीर शहीदों के बलिदान से प्रेरणा विजय शर्मा ने कहा कि इस कार्य की सबसे बड़ी खूबी यह है कि गाँव का सामूहिक प्रयास सामाजिक एकता, सद्भाव और राष्ट्रभक्ति की उत्कृष्ट मिसाल बन चुका है। ऐसे कार्य आने वाली नई पीढ़ी को देश के वीर शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का मौका देते हैं। कार्यक्रम के दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उप मुख्यमंत्री ने ग्रामवासियों से मुलाकात कर उनसे चर्चा भी की।

इस कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, रामकिंकर वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।