12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की भव्य तैयारी, लोगों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील

भानुप्रतापपुर। 21 जून को मनाए जाने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। तपोनिष्ठ योगाचार्य डॉ. ईश्वर जी ने इसे भारत की प्राचीन आरोग्य विद्या और सनातन ज्ञान परंपरा का गौरव दिवस बताते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज विश्व स्तर पर भारत की पहचान और “विश्व गुरु” की अवधारणा को साकार कर रहा है।
डॉ. ईश्वर जी ने बताया कि वर्ष 2026 में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस “योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि बढ़ती उम्र में भी योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से स्वस्थ, सुखी तथा आत्मनिर्भर जीवन जिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति के समग्र विकास का माध्यम है और जीवन की विषम परिस्थितियों में संतुलन एवं सामंजस्य स्थापित करने की शक्ति प्रदान करता है।


उन्होंने कहा कि योग महिलाओं, पुरुषों, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी के लिए समान रूप से लाभकारी है। योग न केवल स्वास्थ्य प्रदान करता है, बल्कि सही जीवनशैली, आहार, विचार और संस्कारों का भी बोध कराता है।
डॉ. ईश्वर जी ने बताया कि योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रचार-प्रसार के लिए वे लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। पिछले 20 वर्षों से भानुप्रतापपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में योग की अलख जगाकर जनमानस को स्वस्थ जीवन की दिशा में प्रेरित किया जा रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम हाटकोदल में पांच दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भानुप्रतापपुर हाई स्कूल मैदान में विशाल योग शिविर आयोजित करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डॉ. ईश्वर जी ने नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 21 जून को प्रातः 6 बजे आयोजित योग कार्यक्रम में शामिल होकर इस ऐतिहासिक महापर्व को सफल बनाएं तथा अपने-अपने गांवों में भी उत्साह और उल्लास के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाएं। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर ही स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *