रेत विवाद में कार फूंककर भाजपा नेता को मारने के बाद भाई और शिक्षक ने भी तोड़ा दम, इलाके में तनाव

कोरिया छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां रेत घाट और तस्करी के खूनी खेल में मृतकों की संख्या अब तीन हो गई है। सोनहत जनपद के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह को कार में जिंदा जलाकर मारने के बाद, अब उनके भाई और एक शिक्षक साथी ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। इस जघन्य हत्याकांड से पूरे इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नवगई स्थित रेत घाट के संचालन और परिवहन को लेकर भाजपा नेता लल्ला सिंह और गांव के ही दूसरे गुट मनोज त्रिपाठी के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। 16 जून की रात करीब 12 बजे जब लल्ला सिंह अपने साथियों के साथ कार में बैठे थे, तभी त्रिपाठी परिवार के लोगों ने भारी हथियारों के साथ उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पहले डंपर से कार को जोरदार टक्कर मारी ताकि कोई भाग न सके, और फिर गाड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

जब पीड़ित जान बचाने के लिए कार के कांच तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, तो बाहर खड़े हमलावरों ने उन पर फरसे और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। इस दर्दनाक हमले में भाजपा नेता लल्ला सिंह की कार के भीतर ही जलकर मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल उनके भाई बिरेंद्र सिंह ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दम तोड़ा, जिसके बाद जीवन और मौत से जूझ रहे तीसरे साथी शिक्षक नागेंद्र सिंह की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में घायल दो अन्य लोगों का इलाज फिलहाल रायपुर में चल रहा है, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी अक्षत त्रिपाठी, सत्यप्रकाश, मन्नू और विशाल त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता मनोज त्रिपाठी सहित कुछ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *