कांकेर। बिजली बिल में वृद्धि और लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांकेर शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से रैली निकालकर विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव किया तथा बाद में सेन चौक में मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता विद्युत कार्यालय की ओर बढ़े, जहां पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। विद्युत कार्यालय तक पहुंचने से रोके जाने के बाद आक्रोशित कांग्रेसियों ने सेन चौक पहुंचकर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया और बिजली व्यवस्था को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रदेश में एक ओर उपभोक्ताओं पर लगातार बिजली बिल का बोझ बढ़ाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर लोगों को नियमित बिजली आपूर्ति भी नहीं मिल रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बार-बार बिजली कटौती से आम जनता परेशान है।
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजेश तिवारी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़े हुए बिजली बिलों और अनियमित विद्युत आपूर्ति से आम नागरिक, किसान, व्यापारी और छात्र सभी प्रभावित हो रहे हैं। यदि सरकार ने जल्द ही बिजली बिल वृद्धि वापस नहीं ली और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और उग्र रूप देगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा तथा पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थिति पर नजर बनाए रखी गई।