छत्तीसगढ़ में बढ़ी गर्मी और उमस, कई जिलों में बारिश-बिजली का अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक तरफ तापमान में बढ़ोतरी हो रही है तो दूसरी ओर कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का दौर भी देखने को मिल रहा है। मंगलवार को राजधानी रायपुर के कुछ हिस्सों में अंधड़ के साथ बारिश हुई, जबकि कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। हालांकि बारिश के बाद निकली तेज धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी और देर रात तक उमस बनी रही।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

रायपुर में आज भी बदल सकता है मौसम

बुधवार सुबह से ही रायपुर में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विभाग ने राजधानी में अंधड़, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों में यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवा चलने की संभावना है।

बस्तर में हुई सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान बस्तर क्षेत्र में सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा करपावंड, जशपुरनगर, रामानुजनगर और दरभा में 2 से 3 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं सक्ती, मनोरा और कोंडागांव में भी हल्की बारिश हुई।

अगले कुछ दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में स्थानीय मौसमी सिस्टम सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले 4 से 5 दिनों तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *