शिवधाम मैदान में गांजा बेचते दो युवक गिरफ्तार, 5.5 किलो गांजा और स्कूटी जब्त

Ramesh Gupta भिलाई। नशा मुक्ति अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अवैध रूप से गांजा बिक्री कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.518 किलोग्राम गांजा, नगदी, मोबाइल फोन और एक स्कूटी जब्त की है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2.79 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिवाला शिवधाम के पास स्थित खाली मैदान में दो युवक स्कूटी पर गांजा लेकर बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास रखी सफेद बोरी से पॉलीथिन पैकेट में रखा 5.518 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 4,200 रुपए नगद, एक कीपैड मोबाइल, एक ओप्पो रेनो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक सीजी 07 सीटी 3666 को भी जब्त किया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित देवांगन (23 वर्ष) और दश पासवान (18 वर्ष) निवासी खुर्सीपार, भिलाई के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पूछताछ में प्रारंभिक रूप से सामने आया है कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा बेचने का कारोबार कर रहे थे।

दुर्ग पुलिस द्वारा जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *