चारामा। ‘विश्व रक्तदाता दिवस’ के पावन अवसर पर आज चारामा के कोरर चौक स्थित सांस्कृतिक भवन में एक भव्य “रक्तदाता सम्मान एवं रक्तदान, परीक्षण शिविर” का सफल आयोजन किया गया। यह सराहनीय पहल जयहिंद रक्तदान सेवा समिति चारामा द्वारा बालाजी ब्लड सेंटर के विशेष सहयोग से की गई। शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना था। जनधारा संवाददाता अनूप वर्मा की रिपोर्ट के अनुसार, सुबह 10 बजे निर्धारित समय पर शुरू हुआ यह शिविर सुबह से लेकर शाम 4:00 बजे तक निरंतर चलता रहा। भीषण गर्मी के बावजूद रक्तदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। युवाओं से लेकर प्रबुद्ध नागरिकों ने शिविर में पहुंचकर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस महाअभियान में 60 से अधिक जागरूक नागरिकों ने रक्तदान कर मानवता का अनूठा परिचय दिया। जयहिंद रक्तदान सेवा समिति के संस्थापक टीकम तारम, सहित समिति के प्रमुख सदस्यों हेम साहू, चित्रेश नायक, धीरेन्द्र मिश्रा, आशीष उइके, राजू सोनी, और सजल सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति और कुशल प्रबंधन में पूरे कार्यक्रम का संचालन हुआ। बालाजी ब्लड सेंटर की मेडिकल टीम द्वारा पूरी सावधानी और सुरक्षा के साथ रक्त कलेक्ट किया गया। इस एकत्रित रक्त को ब्लड बैंक के सुरक्षित स्टोरेज में रखा जाएगा, ताकि समय पर किसी भी जरूरतमंद और गंभीर मरीजों को यह रक्त उपलब्ध कराया जा सके और उनकी अनमोल जान बचाई जा सके।

इस विशेष शिविर में केवल रक्तदान ही नहीं, बल्कि नागरिकों के लिए रक्त की जांच और सामान्य स्वास्थ्य जांच की उत्तम सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी, जिसका उपस्थित लोगों ने भरपूर लाभ उठाया। कार्यक्रम को पूरी तरह सफल बनाने में जयहिंद रक्तदान सेवा समिति के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का अद्वितीय सहयोग रहा। उनकी इस निस्वार्थ सेवा और कड़े परिश्रम की क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और आम जनता द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। समिति के सदस्यों ने संदेश देते हुए कहा कि आपका एक छोटा सा कदम, किसी के लिए पूरी जिंदगी बन सकता है। एक यूनिट रक्त से तीन जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। जयहिंद सेवा समिति भविष्य में भी ऐसे मानव सेवा के कार्य निरंतर करती रहेगी।
अनूप वर्मा चारामा ।