यूनियन क्लब रजत जयंती समारोह: मेगा समर कैंप और सीटीपीएल का भव्य समापन, दिग्गज नेताओं ने खेल प्रतिभाओं को सराहा

यूनियन क्लब में मेगा समर कैंप और सीटीपीएल का भव्य समापन, मुख्य अतिथि मंत्री गुरु खुशवंत, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व विस अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, डॉ सलीम राज, अमरजीत छाबड़ा ने आयोजन की सराहना की

रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित यूनियन क्लब, मोती बाग चौक में रविवार को खेल, उत्साह, उपलब्धियों और गौरव का अद्भुत संगम देखने को मिला। यूनियन क्लब द्वारा आयोजित मेगा समर कैंप-2026, छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग (सीटीपीएल) के भव्य समापन एवं समर कैंप के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती समारोह केक काटकर मनाया गया। कार्यक्रम में खेल प्रेमियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य नागरिकों की बड़ी उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया।

25 वर्षों से बच्चों के सपनों को दे रहा उड़ान

2 मई से 14 जून तक आयोजित इस विशाल समर कैंप में स्विमिंग, बैडमिंटन, टेनिस, टेबल टेनिस और बिलियर्ड्स जैसे खेलों का प्रशिक्षण दिया गया। अनुभवी और विशेषज्ञ कोचों के मार्गदर्शन में बच्चों ने न केवल खेल की बारीकियां सीखीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी पाठ पढ़ा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच पर सम्मानित होते बच्चों के चेहरों की मुस्कान और अभिभावकों के गर्व ने समारोह को भावुक और प्रेरणादायी बना दिया।

यूनियन क्लब के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव सरदार गुरुचरण सिंह होरा के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में क्लब की 25 वर्षीय गौरवशाली यात्रा का जश्न मनाया गया। वहीं क्लब के सचिव गिरीश अग्रवाल ने पूरे आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रदेश के दिग्गजों की मौजूदगी से बढ़ी समारोह की गरिमा

कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, टेनिस संघ उपाध्यक्ष नरेश चंद्र गुप्ता यूनियन क्लब उपाध्यक्ष विजय अग्रवाल, MIC सदस्य अमर गिदवानी, पार्षद अम्बर अग्रवाल, पार्षद सचिन मेघानी, अतुल शुक्ला सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और अभिभावक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने यूनियन क्लब द्वारा लगातार 25 वर्षों से आयोजित किए जा रहे समर कैंप की सराहना करते हुए इसे प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने वाला अग्रणी संस्थान बताया।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने की पहल की सराहना

मुख्य अतिथि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यूनियन क्लब केवल खेल प्रशिक्षण देने वाली संस्था नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का एक सशक्त माध्यम है। गुरुचरण सिंह होरा के नेतृत्व में पिछले 25 वर्षों से समर कैंप के माध्यम से यह संस्था खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास कर रही है। उन्होंने कहा, “यूनियन क्लब का यह प्रयास केवल खेल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का अभियान है। यहां तैयार हो रही प्रतिभाएं भविष्य में प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएंगी। ऐसे संस्थानों को समाज का पूरा सहयोग मिलना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि आज बच्चों को खेलों से जोड़ना समय की आवश्यकता है और यूनियन क्लब इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से निकलने वाले खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने कहा, “गर्मी की छुट्टियों में समर कैंप का जो लाभ उठाकर नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखकर सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं। यूनियन क्लब ने हजारों बच्चों को सही दिशा देने का काम किया है, जो वास्तव में अनुकरणीय है।”

उन्होंने यूनियन क्लब में समर कैंप के 25 वर्षों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाएं नई पीढ़ी को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

गुरु खुशवंत ने आयोजन को बताया

गुरु खुशवंत ने अपने संबोधन में कहा कि यूनियन क्लब में समर कैंप की 25 वर्षों की यह गौरवशाली यात्रा केवल एक संस्थान की उपलब्धि नहीं, बल्कि रायपुर की खेल और सामाजिक संस्कृति के निरंतर विकास की कहानी है। क्लब ने हमेशा बच्चों और युवाओं की प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य किया है और इसी सोच के साथ मेगा समर कैंप तथा छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग जैसे आयोजनों का सफल आयोजन किया जाता रहा है।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में बच्चों को मोबाइल और आभासी दुनिया से बाहर निकालकर खेल मैदानों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संघर्ष करने का जज्बा और टीम भावना का विकास करते हैं। जीत और हार दोनों को स्वीकार करने की सीख भी खेल ही देते हैं, जो उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए मजबूत बनाती है।

गुरु खुशवंत ने कहा कि मेगा समर कैंप में बच्चों ने खेल, रचनात्मक गतिविधियों और विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से नई-नई चीजें सीखीं और अपनी प्रतिभा को निखारा है। वहीं, प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और खेलों का स्तर भी लगातार बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन, बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने यूनियन क्लब के अध्यक्ष गुरुचरण सिंह होरा को बधाई देते हुए कहा कि समाज के सामूहिक प्रयासों से ही ऐसी सकारात्मक पहलें सफल होती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यूनियन क्लब खेल, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा तथा प्रदेश की नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी लगातार खेलों को बढ़ावा देने प्रयास कर रही है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उन्हें उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय ने कहा – छत्तीसगढ़ में खेलों की अपार संभावनाएं

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और बेहतर समाज के निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि बच्चों की प्रतिभा को सही समय पर पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ में खेलों की अपार संभावनाएं हैं। यदि खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन और अवसर मिलते रहें, तो प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। हमारा प्रयास है कि हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच और संसाधन उपलब्ध हों।”

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ टेनिस संघ लगातार प्रदेश में टेनिस को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन, प्रशिक्षण शिविरों और नई प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने जैसी पहल से खेल संस्कृति को मजबूती मिल रही है। उन्होंने बच्चों से कहा कि समर कैंप में जो भी सीखा उसे पुरे साल अपनी खेल प्रतिभा में शामिल कीजिए।

डॉ. सलीम राज ने दिया सामाजिक एकता का संदेश

छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा कि खेल समाज को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। खेल के मैदान में जाति, धर्म और वर्ग का कोई भेदभाव नहीं होता, बल्कि सभी बच्चे एक साथ सीखते, प्रतिस्पर्धा करते और आगे बढ़ते हैं।

उन्होंने कहा, “खेल समाज को जोड़ने का सबसे मजबूत माध्यम हैं। यहां विभिन्न वर्गों और समुदायों के बच्चे एक साथ सीखते और आगे बढ़ते हैं, यही सामाजिक समरसता की सबसे बड़ी पहचान है।”

उन्होंने यूनियन क्लब के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाएं केवल खिलाड़ियों का निर्माण नहीं करतीं, बल्कि समाज में भाईचारे, एकता और सकारात्मक सोच को भी मजबूत करती हैं।

अमरजीत छाबड़ा ने बच्चों को बताया देश का भविष्य

अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने कहा कि आज सम्मानित हो रहे बच्चे ही आने वाले कल में प्रदेश और देश की पहचान बनेंगे। खेल बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और चुनौतियों का सामना करने का जज्बा पैदा करते हैं, जो उन्हें बेहतर नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा, “आज सम्मानित हो रहे ये बच्चे ही कल प्रदेश और देश का भविष्य बनेंगे। खेलों के माध्यम से उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।”

उन्होंने यूनियन क्लब के अध्यक्ष होरा के नेतृत्व में 25 वर्षों के निरंतर जारी समर कैंप की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाएं नई पीढ़ी को सही दिशा देने और उनकी प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।

गुरुचरण सिंह होरा बोले हजारों बच्चों को दिया जा रहा प्रशिक्षण

अपने संबोधन में यूनियन क्लब के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव सरदार गुरुचरण सिंह होरा ने कहा कि यूनियन क्लब में समर कैंप की 25 वर्षों की यह गौरवशाली यात्रा केवल एक संस्थान की उपलब्धि नहीं, बल्कि हजारों बच्चों के सपनों, अभिभावकों के विश्वास और प्रशिक्षकों के समर्पण की कहानी है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों से यूनियन क्लब प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को तराशने का महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर अनेक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं तथा क्लब और छत्तीसगढ़ का नाम देश-दुनिया में रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “हमारे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि ट्रॉफियां या पदक नहीं हैं, बल्कि वे बच्चे हैं जो यहां से आत्मविश्वास, अनुशासन और जीवन के मूल्यों के साथ आगे बढ़ते हैं। जब किसी खिलाड़ी की सफलता के पीछे यूनियन क्लब का योगदान होता है, तो वह पूरे परिवार की उपलब्धि बन जाती है। खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण का माध्यम हैं और हमें गर्व है कि हम वर्षों से इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं।”

गुरुचरण सिंह होरा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और खेल मंत्री अरुण साव के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर रही है। खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल अधोसंरचना, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार पहल की जा रही है, जिसका लाभ प्रदेश की उभरती प्रतिभाओं को मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के सहयोग और खेल संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ आने वाले समय में खेल जगत में नई पहचान स्थापित करेगा।

उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु द्विवेदी के नेतृत्व में प्रदेश में टेनिस को नई ऊर्जा और नई दिशा मिली है। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को बेहतर मंच, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन से लेकर युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने तक अनेक सकारात्मक पहलें की गई हैं।

उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि ऐसी खेल संस्कृति विकसित करना है जहां हर प्रतिभाशाली बच्चे को आगे बढ़ने का अवसर मिले। यदि सही मार्गदर्शन, बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन मिलता रहे, तो छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। हमें विश्वास है कि आने वाले वर्षों में प्रदेश के खिलाड़ी देश के लिए गौरव का कारण बनेंगे।”

अंत में उन्होंने समर कैंप से जुड़े प्रशिक्षकों, अभिभावकों, आयोजकों, क्लब के सदस्यों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों और विश्वास के कारण ही यूनियन क्लब में समर कैंप ने 25 वर्षों की इस ऐतिहासिक यात्रा को सफलता के साथ पूरा किया है और भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

सीटीपीएल का भी हुआ शानदार समापन

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग (सीटीपीएल) का भी रोमांचक समापन हुआ। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना और शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

हर वर्ष 1500 बच्चों को मिलता है प्रशिक्षण

यूनियन क्लब का यह समर कैंप आज प्रदेश का सबसे बड़ा खेल प्रशिक्षण शिविर बन चुका है। पिछले 25 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इस कैंप में हर वर्ष लगभग 1500 बच्चे प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। यहां खेलों के साथ-साथ संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और जीवन मूल्यों को भी प्राथमिकता दी जाती है।

रजत जयंती समारोह ने यह संदेश दिया कि यूनियन क्लब केवल एक खेल संस्था नहीं, बल्कि हजारों बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने वाला ऐसा मंच है जिसने 25 वर्षों में खेल, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की मजबूत परंपरा स्थापित की है। समारोह का समापन तालियों की गड़गड़ाहट, उत्साह और आने वाले वर्षों में खेलों को नई बुलंदियों तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।

मेगा समर कैंप के परिणाम

बैडमिंटन प्रतियोगिता के परिणाम = अंडर-11 बालक वर्ग – विजेता : ईशान नथानी ,उपविजेता : समर सांगोई

अंडर-11 बालिका वर्ग = विजेता : यशाश्वी सिंह, उपविजेता : अवनी मानेकर

अंडर-15 बालक वर्ग = विजेता : राघव वर्मा, उपविजेता : सक्षम

अंडर-15 बालिका वर्ग = विजेता : एकलव्या यादव, उपविजेता : राजविका चंद्राकर

अंडर-19 बालक वर्ग = विजेता : आदित्य सोनी, उपविजेता : स्पर्श बुधवानी

लॉन टेनिस प्रतियोगिता के परिणाम = बिगिनर्स लेवल, विजेता : वेदांश देवांगन, उपविजेता : आरुष बत्रा

सीनियर लेवल = विजेता : मीत पटेल, उपविजेता : रोशनी सेठी

एडवांस लेवल = विजेता : आरव मेरिल, उपविजेता : एकलव्य सिंह राजपूत

तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग के परिणाम

छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग में टीम बेसलाइन ने टीम एपिसम को 3-2 से हराकर जीत दर्ज की। सभी विजेताओं को शील्ड कप देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *